आदित्यपुर / Balram Panda : सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को देखते हुए अब यातायात विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. यातायात प्रभारी राजू कुमार के निर्देश पर जिले के भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है.

इस अभियान के तहत नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है. विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नियम उल्लंघन करने पर प्रथम बार ₹150, दूसरी बार ₹500 तक का जुर्माना लगाया जाएगा. वहीं आदेश की अवहेलना करने पर धारा 179 के तहत अतिरिक्त ₹500 का दंड भी निर्धारित किया गया है.
इसके अलावा नो पार्किंग क्षेत्र में बार-बार वाहन खड़ा करने पर ₹600 तक का संयुक्त जुर्माना लगाया जाएगा. खतरनाक तरीके से पार्किंग कर यातायात बाधित करने वालों पर भी ₹500 तक की सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यातायात प्रभारी ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए जिले के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर ‘नो पार्किंग’ के बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिक नियमों का पालन करें और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें. नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.



































