Advertisement

कुचाई में SIR गहन पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ-पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण, मतदाता सूची अद्यतन करने पर जोर

By Goutam

Published on:

जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुचाई प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एवं पर्यवेक्षकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का शुभारंभ सोमवार को हुआ, जबकि मंगलवार को इसका समापन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।

Advertisement
Advertisement

Srinath

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का संचालन बीडीओ साधुचरण देवगम, अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन एवं मास्टर ट्रेनर दैयतारी लेंका के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Advertisement

अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी कर्मियों को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने, नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची को अद्यतन करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर दैयतारी लेंका ने पुनरीक्षण कार्य से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया, ऑनलाइन डेटा अपलोड करने की विधि तथा मतदाता सूची में सुधार संबंधी तकनीकी पहलुओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने की सलाह दी।

अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन ने कहा कि प्रत्येक बीएलओ को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने-अपने क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य पूरा करना होगा, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। अधिकारियों ने सभी कर्मियों से पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर बीडीओ साधुचरण देवगम, अंचल निरीक्षक बबलू करमाली, कल्याण पदाधिकारी गौतम नारायण सरदार, मास्टर ट्रेनर दैयतारी लेंका, वशिष्ठ प्रधान, अर्जुन महतो सहित बड़ी संख्या में बीएलओ एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

ताजा खबरें

WhatsApp