जनसंवाद, जमशेदपुर। श्रीनाथ विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आईटी सेक्टर में सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय के कुल 13 छात्रों का चयन प्रतिष्ठित कंपनी ब्लैक एप्पल टेक्नोलॉजी में कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से हुआ है। सभी चयनित छात्र सॉफ्टवेयर डेवलपर के पद पर नई दिल्ली में कार्य करेंगे।

विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट हेड सुभोदीप भद्रा के अनुसार चयनित छात्र डिप्लोमा, बी.टेक और बीसीए कोर्स से हैं। डिप्लोमा (कंप्यूटर साइंस) 2023–2026 बैच से खुशी सिंह और सकीना खातून का चयन हुआ है। वहीं बी.टेक (सीएसई) 2022–2026 बैच से मृणालिनी कुमारी महतो चयनित हुई हैं।
इसके अलावा बीसीए (2023–2026) बैच से अमन कुमार सिंह, अपर्णा साव, दिवाकर पांडा, रानी कुमारी, रोहित साह, पिंकी बिसाई, प्रणय मैती, प्रिया महाराणा, आदित्य कुमार और आदित्य राज सिंह का चयन हुआ है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस. एन. सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों और प्रशिक्षण टीम ने छात्रों को इंटरव्यू और प्लेसमेंट प्रक्रिया के लिए बेहतर तरीके से तैयार किया।
चयनित छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और संस्थान को देते हुए इसे अपने करियर की महत्वपूर्ण शुरुआत बताया। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय के अन्य छात्रों में भी उत्साह का संचार हुआ है।


















