आदित्यपुर / Balram Panda:आदित्यपुर में विधि-व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आदित्यपुर पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है, थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने सड़क पर उतरकर फ्लैग मार्च निकाला, वहीं दूसरी ओर वारंटियों, अवैध कारोबारियों और विभिन्न स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया.
इस अभियान में थाना प्रभारी अंजनी कुमार के साथ पुलिस के अधिकारी, सशस्त्र बल और झारखंड सशस्त्र पुलिस यानी जैप के जवान भी शामिल रहे। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जवानों ने पैदल गश्त कर संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया, जबकि पीसीआर वैन सायरन बजाते हुए लगातार सड़कों पर गश्त करती रही, पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों को स्पष्ट संदेश देना है.
आदित्यपुर पुलिस की इस सक्रियता को अपराध नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, पुलिस अब केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं, बल्कि संभावित गड़बड़ियों पर रोक लगाने के लिए भी लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है.
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों, अड्डेबाजी के जरिए अशांति फैलाने वालों और कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, वारंटियों की गिरफ्तारी से लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तक, पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
संदेश साफ है, आदित्यपुर में कानून से खिलवाड़ करने वालों की अब खैर नहीं! पुलिस की नजर हर संदिग्ध गतिविधि पर है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

















