Advertisement

बहरागोड़ा में फिर मिला संदिग्ध बम: स्वर्णरेखा किनारे दहशत, प्रशासन अलर्ट पर, सर्च ऑपरेशन की मांग तेज…

By Balram Panda

Published on:

बहरागोड़ा / Balram Panda : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड से एक बार फिर सनसनीखेज खबर सामने आई है, बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव में स्वर्णरेखा नदी के किनारे संदिग्ध विस्फोटक जैसी वस्तु मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है. जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात ग्रामीणों ने नदी किनारे द्वितीय विश्व युद्ध काल से जुड़ा एक और संदिग्ध बम जैसी वस्तु देखे जाने की सूचना दी. सूचना मिलते ही क्षेत्र में भय और अफरातफरी का माहौल बन गया.

Advertisement
Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. कुछ दिन पूर्व भी इसी स्थान से एक जिंदा बम बरामद किया गया था, जिसके बाद इंडियन आर्मी की बम निरोधक टीम को मौके पर बुलाया गया था। जांच के दौरान एक और बम मिला था, हालांकि उसमें विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई थी. सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूर्व में बरामद दोनों बमों को 10 से 15 फीट गहरे गड्ढे में सुरक्षित तरीके से रखकर नियंत्रित विस्फोट के जरिए निष्क्रिय किया गया था.

Dayal Builder
Srinath

लेकिन अब एक बार फिर उसी इलाके से कथित तौर पर अमेरिका निर्मित संदिग्ध बम मिलने की सूचना ने प्रशासनिक महकमे की चिंता बढ़ा दी है. विशेषज्ञों ने पहले ही आशंका जताई थी कि स्वर्णरेखा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में ऐसे कई पुराने विस्फोटक दबे हो सकते हैं, ताजा घटना ने इस आशंका को और बल दे दिया है.

Advertisement

लगातार मिल रही इन घटनाओं से आक्रोशित और डरे हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान और सर्च ऑपरेशन चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके.

इधर, सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं. संदिग्ध स्थल को घेरकर सुरक्षित कर दिया गया है तथा आम लोगों के नदी किनारे जाने पर सख्त रोक लगा दी गई है. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और बम निरोधक दस्ते को बुलाने की प्रक्रिया जारी है. पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है, जबकि ग्रामीणों में अब भी भय का माहौल बना हुआ है.

ताजा खबरें

WhatsApp