जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): कुचाई प्रखंड अंतर्गत बारुहातु पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय तोरांगडीह-1 में कक्षा 8वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के सम्मान में शुक्रवार को एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि Mansingh Munda उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा और संस्कार जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। विदाई अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है, और यह जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

उन्होंने छात्रों को आगे की पढ़ाई में गंभीरता बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और निरंतर प्रयास से ही ऊंचाइयों को प्राप्त किया जा सकता है।
इस मौके पर जानकारी दी गई कि आठवीं बोर्ड परीक्षा में एक छात्रा अनुपस्थित रही। वहीं “झारखंड स्कूल रुआर कार्यक्रम” के तहत कक्षा 1 में 7 छात्र-छात्राओं तथा कक्षा 6 में 1 छात्रा का नामांकन हुआ, जिनका विद्यालय परिवार द्वारा स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा, प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सरदार, सहायक अध्यापिका सावित्री मुंडारी, संयोजिका एवं रसोइया सहित विद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




















