आदित्यपुर / Balram Panda: आदित्यपुर में लोकआस्था के महापर्व छठ की पवित्रता और सामाजिक समरसता के बीच सेवा और सहयोग की एक सराहनीय पहल देखने को मिली, आस्था के इस महापर्व पर जरूरतमंद छठ व्रतियों की सहायता के लिए वार्ड 12 के पार्षद मोतीलाल बिसुई और समाजसेवी बबलू दास आगे आए.
शुक्रवार को आदित्यपुर-1 स्थित बेल्डीह बस्ती क्लब परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 50 छठ व्रती माताओं और बहनों के बीच साड़ी, लौकी, सूप सहित छठ पूजा की आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया, कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी बबलू दास ने किया। इस दौरान व्रती महिलाओं के चेहरों पर खुशी और आयोजनकर्ताओं के प्रति आभार का भाव देखने को मिला.
मौके पर मुख्य अतिथि वार्ड 12 पार्षद मोतीलाल बिसुई ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है, इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि छठ घाट पर अमीर-गरीब, ऊंच-नीच और जाति-वर्ग का कोई भेद नहीं रहता, हर व्यक्ति एक साथ भगवान सूर्य की आराधना करता है। यही सामूहिक आस्था समाज को एकजुट करने की ताकत रखती है.
वहीं, समाजसेवी बबलू दास ने कहा कि भगवान सूर्य का प्रकाश सभी को समान रूप से मिलता है, छठ महापर्व भी हमें समानता, समर्पण और आपसी भाईचारे का संदेश देता है, व्रतियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और सामाजिक दायित्व है. कार्यक्रम में सूरज तंतुबई, बाबू नायक, शुभम कुमार, सुमन महतो, जोहर लाल, राममणि कुशवाहा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
कुल मिलाकर, यह पहल बताती है कि छठ महापर्व की असली खूबसूरती केवल पूजा-अर्चना में नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने में भी निहित है.
















