जनसंवाद, जमशेदपुर। एयर फोर्स वॉरियर, जमशेदपुर की ओर से 94वां भारतीय वायु सेना दिवस साकची स्थित साई रेजीडेंसी में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और वायु योद्धाओं के बीच भाईचारे व एकजुटता का संदेश दिया।
स्वर्गीय सार्जेंट ए.बी.के. सिन्हा को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय सार्जेंट ए.बी.के. सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। सदस्यों ने भारतीय वायु सेना में उनके योगदान को याद किया। दिवंगत आत्मा और भारतीय वायु सेना के सभी शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन भी रखा गया।
केक काटने के साथ रंगारंग कार्यक्रम
वायु सेना दिवस के अवसर पर केक काटने का समारोह हुआ। इसके बाद सामूहिक नृत्य और रंगारंग कार्यक्रमों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। पूर्व वायु सैनिकों ने सेवा काल के सौहार्द और एकता की यादों को साझा करते हुए समारोह का आनंद लिया।
नए सेवानिवृत्त सदस्यों का स्वागत
इस दौरान हाल ही में सेवानिवृत्त हुए सदस्यों का स्वागत किया गया। सदस्यों ने कहा कि सक्रिय सेवा से सेवानिवृत्ति के बाद भी एक एयर वॉरियर का जोश, अनुशासन और देशसेवा की भावना कभी सेवानिवृत्त नहीं होती। संस्था ने एकजुट रहकर समाज की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जे.डब्ल्यू.ओ. ललन सिंह, सार्जेंट अश्विनी, सार्जेंट राजीव सिंह सहित वरिष्ठ सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन “नभः स्पृशं दीप्तम्” और “जय हिंद” के नारों के साथ हुआ।

















