जनसंवाद, जमशेदपुर। बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के उप मुखिया संतोष ठाकुर के प्रयास से क्षेत्र के दिव्यांग निवासी राकेश कुमार शर्मा को बैटरी चालित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। इस पहल से दिव्यांगजन को आने-जाने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
बताया गया कि उप मुखिया संतोष ठाकुर ने जिले के उपायुक्त राजीव रंजन से संपर्क कर दिव्यांगजन की समस्या से अवगत कराया था। प्रशासनिक पहल और सहयोग के बाद राकेश कुमार शर्मा को बैटरी चालित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई।
ट्राई साइकिल मिलने के बाद राकेश कुमार शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें आवागमन में काफी सुविधा होगी और वे पहले की तुलना में अधिक आत्मनिर्भर महसूस कर रहे हैं।
इस अवसर पर उप मुखिया संतोष ठाकुर ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में जनहित और समाजसेवा से जुड़े कार्य आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन के सकारात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।
















