जनसंवाद, जमशेदपुर। जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक School में शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप का शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। 20 मई से 22 मई तक चले इस समर कैंप के अंतिम दिन भी विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत शिव स्तुति से हुई। इसके बाद नन्हे बच्चों ने “ड्रॉप द बॉल इन द माउथ ऑफ टेडी” और “अनफोल्ड द पेपर विद पार्टनर गेम” जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
वहीं अन्य विद्यार्थियों ने “होल्ड द ग्लास विद द बैलून एंड पुट इन द बास्केट”, “म्यूजिकल चेयर” और “होल्ड द बैलून विद ग्लास” जैसी खेल गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के साथ क्ले और ओरिगेमी पेपर से सुंदर आकृतियां बनाकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “कैरेक्टर्स डे” रहा, जिसमें बड़े बच्चों ने अपने पसंदीदा पात्रों का अभिनय कर शानदार अभिनय कौशल का परिचय दिया। विद्यार्थियों ने साबित किया कि उन्हें उचित मंच और अवसर मिले तो वे अपनी बहुमुखी प्रतिभा से सभी को प्रभावित कर सकते हैं।
प्रतियोगिता में शौर्य पांडे ने “मिस्टर कैरेक्टर” तथा स्नेहा कुमारी ने “मिस कैरेक्टर” का खिताब हासिल किया। इसके अलावा आयुष घोष को बेस्ट एक्टर, मानस्विनी को बेस्ट एक्ट्रेस, सिमरन सरदार को बेस्ट डांसर, दीपिका और सौम्या को बेस्ट डायलॉग, अमृत कुशवाहा और दीपाली को बेस्ट कॉस्ट्यूम, कुमार अभय और ऋषिका को बेस्ट रैंप वॉक तथा प्रिया को बेस्ट एफर्ट का पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को मेडल और सैश देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दे रहा था। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में यह तीन दिवसीय समर कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


















