जनसंवाद, जमशेदपुर। जमशेदपुर के मानगो-डिमना क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण गर्मी के बीच दिन-रात हो रही ट्रिपिंग और अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हर 5 मिनट पर बिजली आने-जाने की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को रात में चैन की नींद तक नसीब नहीं हो रही।
इस गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ विष्णु ने DVC और JBVNL की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मानगो की बिजली व्यवस्था पूरी तरह “अंधेर नगरी, चौपट राजा” जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि जनता लगातार परेशान है, लेकिन संबंधित विभाग स्थायी समाधान निकालने के बजाय केवल औपचारिकता निभा रहे हैं।
सौरभ विष्णु ने कहा कि लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, दुकानदारों का कारोबार ठप पड़ रहा है और आम लोगों की दिनचर्या बिगड़ चुकी है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है।
उन्होंने बताया कि बिजली की समस्या के कारण कई घरों में पानी का मोटर भी नहीं चल पा रहा है, जिससे लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए पानी तक नहीं मिल पा रहा।
सौरभ विष्णु ने मांग की कि DVC और JBVNL संयुक्त रूप से काम कर तकनीकी खामियों को दूर करें और लोगों को राहत दें। उन्होंने कहा कि दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने के बजाय तत्काल स्थायी समाधान निकालें, क्योंकि अब जनता सिर्फ आश्वासन नहीं बल्कि बेहतर बिजली व्यवस्था चाहती है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो स्थानीय जनता के साथ मिलकर मानगो स्थित JBVNL डिवीजन कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।


















