जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत शनिवार को खरसावां प्रखंड मुख्यालय में बकरा-बकरी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा, बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार सामाड, अंचल अधिकारी (सीओ) कप्तान सिंकू, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वैष्णवी एंटरप्राइज, रांची द्वारा 10 लाभुकों के बीच बकरा-बकरी का वितरण किया गया। प्रत्येक लाभुक को आठ बकरियां और दो बकरे प्रदान किए गए, ताकि वे बकरी पालन के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना ग्रामीणों और किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सरकार अनुदान के माध्यम से पशुधन उपलब्ध कराकर लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही है।
बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार सामाड ने कहा कि बकरी पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ती है और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं।
वहीं अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू ने कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ लाभुकों को अवश्य उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों की आय बढ़ाना है, ताकि वे अपनी बेटियों की शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा कर सकें तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक समस्याओं पर भी रोक लगाई जा सके।
प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों के लिए बेहद लाभकारी है। इससे पशुपालकों को आय के अतिरिक्त स्रोत प्राप्त होंगे और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
कार्यक्रम में लाभुकों ने सरकार की इस योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बकरी पालन से उन्हें रोजगार और आर्थिक मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर सभी लाभुक एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।




















