Advertisement

मानगो ओवरब्रिज के पिलरों के नीचे फायर हाइड्रेंट लगाने की मांग तेज, सौरभ विष्णु ने प्रशासन को लिखा पत्र

By Goutam

Published on:

जनसंवाद, जमशेदपुर। मानगो क्षेत्र की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को भविष्य के लिए और अधिक मजबूत बनाने की मांग को लेकर जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन तथा टाटा स्टील यूआईएसएल से समन्वित पहल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मानगो जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में आग से बचाव के लिए अभी से ठोस और दीर्घकालिक व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।

Advertisement
Advertisement

सौरभ विष्णु ने कहा कि लगभग 30 वर्ष पूर्व मानगो बाजार में लगी भीषण आग से सैकड़ों व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। उस समय तत्कालीन उपायुक्त गोरेलाल यादव के नेतृत्व में प्रभावित दुकानदारों को पक्के निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया गया था, जिससे बाजार अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बन सका।

Dayal Builder
Srinath

उन्होंने कहा कि वर्तमान में मानगो शहर के सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में शामिल है। क्षेत्र में नए ओवरब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है, वहीं लगभग 40 वर्ष पुरानी जलापूर्ति पाइपलाइन को बदलकर नई पाइपलाइन बिछाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। सुभाष नगर से मानगो ब्रिज तक नई जलापूर्ति लाइन बिछाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगभग 60 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।

Advertisement

सौरभ विष्णु ने सुझाव दिया कि नई जलापूर्ति व्यवस्था के साथ ओवरब्रिज के प्रत्येक पिलर के समीप उच्च क्षमता वाले फायर हाइड्रेंट स्थापित किए जाएं। इसके अलावा प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों के निकट आपातकालीन जल स्रोत भी विकसित किए जाएं, ताकि किसी भी आगजनी की स्थिति में अग्निशमन विभाग को तुरंत पानी उपलब्ध हो सके और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में टाटा स्टील यूआईएसएल को पूर्व में पत्र सौंपा जा चुका है। साथ ही पूर्व उपायुक्त अनन्य मित्तल और करण सत्यार्थी को भी इस विषय में ज्ञापन देकर ध्यान आकर्षित कराया गया था। दोनों अधिकारियों ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

सौरभ विष्णु ने कहा कि अब उन्होंने वर्तमान उपायुक्त राजीव रंजन को भी पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दिल्ली समेत देश के कई शहरों में हाल के वर्षों में हुई बड़ी आगजनी की घटनाओं से सबक लेते हुए मानगो में पहले से सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाने चाहिए।

उन्होंने झारखंड में व्यापक अग्निशमन नीति के अभाव पर भी चिंता व्यक्त की। सौरभ विष्णु ने कहा कि राज्य में अग्नि सुरक्षा को लेकर एक समग्र और प्रभावी नीति की आवश्यकता है, ताकि शहरी और व्यावसायिक क्षेत्रों में भविष्य की संभावित आपदाओं से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाएं।

ताजा खबरें

WhatsApp