जनसंवाद, जमशेदपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अंतर्गत गोलमुरी मंडल की ओर से नीलडीह पार्क में भव्य योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने किया। योग शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। योगाभ्यास पतंजलि योग पीठ के योग गुरु दीपक कुमार शाह, शशि शेखर प्रसाद सिंह एवं गुलाब ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और आज करोड़ों लोग इसे अपने जीवन का हिस्सा बना चुके हैं।
जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की कला है। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में खेमलाल चौधरी, अप्पा राव, मंजीत सिंह, प्रबीर चटर्जी, सतीश शर्मा, बंटी अग्रवाल, बी. सिनु राव, बिजेंद्र सिंह, उमेश गिरी, फौजी जसवंत सिंह, अनिल ठाकुर, महेश कुमार, राकेश गिरी, रहमान, मानी महंती, मनीष बनरा, मदन साहू, रविंद्र नाथ घोष, संदीप आईंच, सनी सिंह चौहान, अमरेंद्र उपाध्याय, अमरेंद्र कुमार, बिशू सिंह, राजू मलकानी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।








