जनसंवाद, जमशेदपुर। टाटा मोटर्स द्वारा रविवार को टेल्को कॉलोनी स्थित सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टाटा मोटर्स के अधिकारियों, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और कॉलोनीवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद पतंजलि योगपीठ से जुड़ी योग शिक्षिका नविता ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग शिविर में 96 वर्षीय वरिष्ठ योग शिक्षक इंद्रपाल वर्मा ने भी योग के विभिन्न आसनों के लाभों की जानकारी दी और उपस्थित लोगों को योगाभ्यास कराया।

इस अवसर पर टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का योगाभ्यास के लिए एकत्र होना सुखद अनुभव है। योग को प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि यह स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है।
कार्यक्रम में टाटा मोटर्स के एचआर हेड प्रणव कुमार, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आर.के. सिंह, डॉ. संजय लाल श्रीवास्तव, जीवराज संधु, गुलाम मंडल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि, कमेटी मेंबर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए यूनियन के महामंत्री आर.के. सिंह ने कहा कि टाटा मोटर्स केवल ट्रक निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण पर भी विशेष ध्यान देती है। उन्होंने कहा कि कंपनी का स्वच्छ और हरित वातावरण इसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योगाभ्यास करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन मोहित एवं विवेक ने किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्टेडियम परिसर में पर्यावरण संरक्षण विषय पर “सिट एंड ड्रॉ” प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हर आयु वर्ग के सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया तथा प्रतिभागियों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।








