सरायकेला / Balram Panda: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम-2026 के तहत जिले में व्यापक जनजागरूकता एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन 30 जून (मंगलवार) को विशेष सोशल मीडिया अभियान चलाएगा। अभियान के दौरान #JharkhandSIR हैशटैग के माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में एक साथ संचालित होगा, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जून को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर मतदाता जागरूकता से जुड़ी सामग्री साझा की जाएगी.
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के निकटतम मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अथवा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पोस्टर एवं लीफलेट में निहित संदेशों का वाचन करते हुए वीडियो और तस्वीरें साझा करें, इसका उद्देश्य मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी प्रत्येक पात्र नागरिक तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा अधिकाधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना है.
जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस विशेष सोशल मीडिया अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, #JharkhandSIR हैशटैग का उपयोग करते हुए जागरूकता संबंधी पोस्ट, वीडियो एवं संदेश साझा करें तथा मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदार भूमिका निभाएं.
जिला प्रशासन का मानना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है, ऐसे में प्रत्येक पात्र मतदाता की सहभागिता इस विशेष पुनरीक्षण अभियान की सफलता की आधारशिला होगी.












