जनसंवाद, जमशेदपुर। जेवियर पब्लिक स्कूल, डोरकासाई में कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य केवल पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र अथवा अमान्य प्रविष्टियों को हटाना है।
वरिष्ठ शिक्षिका मीना गुप्ता ने विद्यार्थियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाता है, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सही और त्रुटिरहित बनाई जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस संबंध में अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदाता सूची की शुद्धता के महत्व तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में नागरिक कर्तव्यों के प्रति समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।









