जनसंवाद, जमशेदपुर। कोल्हान प्रमंडल के प्रतिनिधि संगठन जमशेदपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ ने शहर में बढ़ते अपराध एवं गिरती कानून-व्यवस्था के विरोध में 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।
संघ के अध्यक्ष अनिल मोदी एवं सचिव अशोक सारस्वत ने संयुक्त रूप से जारी प्रेस बयान में कहा कि पिछले कुछ समय से जमशेदपुर में व्यापारियों पर हमले, चोरी, छिनतई एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। इन घटनाओं के कारण व्यापारियों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी शहर के आर्थिक विकास और व्यापारिक प्रगति के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण आवश्यक है। यदि व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे तो इसका प्रतिकूल प्रभाव न केवल व्यापार जगत, बल्कि आम जनजीवन पर भी पड़ेगा।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था की बहाली और नागरिकों एवं व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद जनहित और व्यापारी हित में है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ ने बंद को अपना पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया है।
संघ ने शहर के सभी व्यापारियों से बंद को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित व्यापारिक माहौल और प्रभावी कानून-व्यवस्था पूरे शहर के विकास के लिए आवश्यक है।










