जनसंवाद, खरसावां। खूंटपानी प्रखंड के चुरगुई गांव में लिटिल स्टार क्लब द्वारा आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में खरसावां के विधायक दशरथ गागराई एवं समाजसेवी बासंती गागराई ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। भारी बारिश के बावजूद खिलाड़ियों और हजारों खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बना।
पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में 64 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में जेपी इलेवन स्टार बंडोमुंडा ने एनवाईएस जोबाजंजीर (कुचाई) को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विजेता टीम को 95 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 65 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली जीओ एफसी और मार्शल एफसी को 27-27 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में किन्नर वर्ग के लिए भी फुटबॉल मुकाबले आयोजित किए गए। इसमें जमशेदपुर एफसी विजेता बनी, जिसे 4 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं चाईबासा एफसी उपविजेता रही और उसे 3,600 रुपये का पुरस्कार मिला।
40 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए आयोजित 40 प्लस (वेटरन) वर्ग में सरायकेला टाइगर क्लब ने खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 12 हजार रुपये, जबकि उपविजेता डिफेंस एफसी, चाईबासा को 9 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
महिला वर्ग में सीकेपी एफसी ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए 3,500 रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की। वहीं जूनियर गर्ल्स, डोपाई की टीम उपविजेता रही, जिसे 2,500 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह से पहले विधायक दशरथ गागराई ने फुटबॉल पर किक मारकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और सभी प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है तथा ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए।
समापन समारोह में जिला परिषद सदस्य यमुना तियु, विधायक प्रतिनिधि दुर्गाचरण पाड़ेया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसोरा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष डिंबू तियू, ज्योति बोदरा, अशोक मुंडरी सहित झामुमो के कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
















