जनसंवाद, जमशेदपुर। आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर (स्पेशल कैंप) का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 6 जुलाई से 12 जुलाई 2026 तक गम्हरिया के उदयपुर गांव में आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा ग्रामीण समुदाय के बीच जागरूकता और सेवा गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर कोल्हान विश्वविद्यालय की एनएसएस समन्वयक डॉ. मीनाक्षी मुंडा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने एनएसएस के उद्देश्यों, सामाजिक सेवा के महत्व और स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
शिविर के कार्यक्रम इस प्रकार रहेंगे:
6 जुलाई: ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं एनएसएस परिचय।
7 जुलाई: जसोए कम्युनिटी के सहयोग से पौधरोपण अभियान।
8 जुलाई: एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा प्रौढ़ शिक्षा जागरूकता अभियान।
9 जुलाई: त्रिनेत्र हॉस्पिटल की ओर से ग्रामीणों के लिए नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर।
10 जुलाई: हाईफाई जमशेदपुर एनजीओ द्वारा जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच फूड डिस्ट्रीब्यूशन ड्राइव।
11 जुलाई: सहायक प्राध्यापक विनय सिंह सांडिल द्वारा मानव तस्करी पर जागरूकता कार्यक्रम।
12 जुलाई: सामुदायिक संवाद, ग्रामीणों से फीडबैक, शिविर की उपलब्धियों की समीक्षा एवं समापन समारोह।
महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस विशेष शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों को समाज सेवा का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, वहीं ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
















