जनसंवाद, जमशेदपुर। जुगसलाई ओवरब्रिज की खराब प्रकाश व्यवस्था और बढ़ती गंदगी को लेकर जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद एवं भाजपा नेता अनिल मोदी ने नगर परिषद प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ओवरब्रिज की खराब लाइटों की मरम्मत और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने की अपील की।
अनिल मोदी ने कहा कि लंबे जनआंदोलन के बाद जुगसलाई की जनता को ओवरब्रिज की सौगात मिली थी। यह ओवरब्रिज जुगसलाई का मुख्य प्रवेश द्वार है, जहां से प्रतिदिन हजारों स्थानीय नागरिकों और बाहरी लोगों का आवागमन होता है।
उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज के निर्माण के समय इसे आकर्षक बनाने के लिए सभी पिलरों पर रंग-बिरंगी एलईडी लाइटें लगाई गई थीं। रात के समय पूरा ओवरब्रिज रोशनी से जगमगाता था, लेकिन वर्तमान में करीब 80 प्रतिशत एलईडी लाइटें खराब हो चुकी हैं, जिससे अधिकांश हिस्सा अंधेरे में डूबा रहता है।
अनिल मोदी ने कहा कि बिष्टुपुर की ओर से ओवरब्रिज पर प्रवेश करने पर कुछ लाइटें जलती दिखाई देती हैं, लेकिन बीच के हिस्से में पहुंचते ही अधिकांश लाइटें बंद मिलती हैं। इससे न केवल ओवरब्रिज की सुंदरता प्रभावित हुई है, बल्कि रात में आवागमन करने वाले लोगों के लिए दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
उन्होंने मांग की कि सभी खराब लाइटों की अविलंब मरम्मत कराई जाए। यदि वर्तमान रखरखाव एजेंसी अपनी जिम्मेदारी का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रही है, तो उसे चेतावनी दी जाए या आवश्यक होने पर नई एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी जाए।
भाजपा नेता ने ओवरब्रिज पर बढ़ती गंदगी पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कभी अपनी सुंदरता के लिए पहचाना जाने वाला यह ओवरब्रिज अब रखरखाव के अभाव में बदहाल होता जा रहा है। उन्होंने नियमित साफ-सफाई की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि जुगसलाई का प्रमुख प्रवेश द्वार स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बना रहे।
















