जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत खरसावां विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी अभियान के तहत बुधवार को खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने अपने पूरे परिवार के साथ गणना प्रपत्र (फॉर्म) भरकर संबंधित अधिकारियों को सौंपा।

खरसावां प्रखंड के लोसोदिकी स्थित आवास पर आयोजित इस प्रक्रिया में विधायक की पत्नी बासंती गागराई समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने भी अपने नागरिक दायित्व का निर्वहन करते हुए गणना प्रपत्र भरा।
इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को जमा करें, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल हो सके और किसी भी प्रकार की त्रुटि को दूर किया जा सके।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित यह अभियान केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आम जनता की सक्रिय भागीदारी से ही मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।
विधायक ने झारखंड के सभी नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क करें या निर्धारित शिविरों में जाकर समय पर गणना प्रपत्र भरें तथा निर्वाचन आयोग के इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
इस दौरान अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू, संबंधित बीएलओ तथा विधायक के परिवार के सदस्य मौजूद रहे।













