Advertisement

झारखंड सरकार की इंटर्नशिप योजना के तहत विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने बागबेड़ा के नवाचारों का किया अध्ययन, पायलट RO प्लांट बना आकर्षण का केंद्र

By Goutam

Published on:

जमशेदपुर, जमशेदपुर। झारखंड सरकार की झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम के तहत जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्राओं के एक दल ने बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और स्थानीय नवाचारों का अध्ययन किया। छात्राओं ने क्षेत्र में चल रही जनहित योजनाओं का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी प्राप्त की।

Advertisement
Advertisement

इंटर्नशिप के दौरान छात्राओं ने कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 स्थित कम्युनिटी सेंटर के समीप पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की अनुशंसा एवं फंड से करीब 7.30 लाख रुपये की लागत से स्थापित झारखंड के पहले पायलट आरओ प्लांट का निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि इस प्लांट के माध्यम से स्थानीय लोगों को आई-कार्ड आधारित व्यवस्था के जरिए मात्र 5 रुपये में 20 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। इससे प्राप्त राशि का उपयोग बिजली बिल, ऑपरेटर की मजदूरी और प्लांट के रखरखाव पर किया जाता है। छात्राओं ने इस मॉडल को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताया।

Srinath

निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने गांधीनगर बस्ती में संचालित बागवानी कार्यों का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही जगदीशपुर रोड के समीप कुम्हार समुदाय द्वारा तैयार किए जा रहे मिट्टी के उत्पादों और स्थानीय आजीविका गतिविधियों की भी जानकारी ली।

छात्रा राजश्री दास ने बताया कि उनकी चार सदस्यीय टीम ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर ऊर्जा, डिजिटल जल प्रबंधन और अन्य नवाचारों से जुड़ी जानकारियां एकत्रित कर रही है। अध्ययन के आधार पर तैयार रिपोर्ट झारखंड सरकार के पोर्टल पर जमा की जाएगी, जिससे इन नवाचारों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और वार्ड सदस्य उमेश पाण्डे ने छात्राओं को पंचायत क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं, जनहित कार्यों और नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण कार्यक्रम में राजश्री दास, सुचित्रा मलिक, अंजली कुमारी, प्रीति पाल, समाजसेवी मिथिलेश सिंह, शुभम सहित स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

WhatsApp