जनसंवाद, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बहुमूल्य रत्नों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बहरागोड़ा थाना क्षेत्र से करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य का 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास बहुमूल्य पन्ना की तस्करी के उद्देश्य से पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने बहरागोड़ा बस स्टैंड के समीप दो दोपहिया वाहनों के साथ खड़े तीन संदिग्धों को घेर लिया। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर, सिद्धेश्वर कालिन्दी और स्नेहाशिष मंगराज के रूप में हुई है। तीनों पूर्वी सिंहभूम जिले के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान विनय पातर की यामाहा स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में रखा 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2300 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय वन अधिनियम, पुरावशेष एवं बहुमूल्य कलाकृति अधिनियम-1972 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विनय पातर के खिलाफ वर्ष 2018 में भी खनिज तस्करी सहित अन्य मामलों में केस दर्ज हो चुका है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पन्ना कहां से लाया गया था, इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और आवश्यकतानुसार आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
















