जनसंवाद, जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के प्रस्तावित पुतला दहन की सूचना के बाद झारखंड क्षत्रिय संघ ने कड़ा विरोध जताया है। संघ के अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह ने आपातकालीन बैठक बुलाकर इस घटना की निंदा की और चेतावनी दी कि यदि पुतला दहन किया गया तो इसका नेतृत्व करने वालों के खिलाफ प्रत्येक थाना क्षेत्र में विरोध स्वरूप पुतला दहन किया जाएगा।
संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि कुछ राजनीतिक मतभेदों के कारण विधायक सरयू राय का पुतला दहन करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुकूल नहीं हैं।
झारखंड क्षत्रिय संघ ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक, सामाजिक संगठन और राजनीतिक दल को अपनी बात रखने तथा असहमति व्यक्त करने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन विरोध का तरीका भी मर्यादित और शालीन होना चाहिए। ऐसा कोई भी कदम नहीं उठाया जाना चाहिए जिससे सामाजिक तनाव बढ़े या जनभावनाएं आहत हों।
संघ ने अपने बयान में कहा कि विचारों का जवाब विचारों से, तर्क का जवाब तर्क से और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का जवाब लोकतांत्रिक प्रक्रिया से ही दिया जाना चाहिए। किसी जनप्रतिनिधि या व्यक्ति के प्रति व्यक्तिगत अपमान या पुतला दहन जैसे प्रतीकात्मक विरोध स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करते हैं और समाज में कटुता को बढ़ावा देते हैं।
झारखंड क्षत्रिय संघ ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करने, संयम बरतने तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
संघ ने यह भी कहा कि वह हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता और शांतिपूर्ण संवाद का समर्थक रहा है तथा भविष्य में भी इन्हीं सिद्धांतों के अनुरूप समाज में भाईचारा और लोकतांत्रिक संस्कृति को मजबूत करने का कार्य करता रहेगा।
















