जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, राज्य निर्माता और पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर सरायकेला टाउन हॉल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिरसा मुंडा स्टेडियम के मुख्य द्वार पर शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन भी किया गया। कार्यक्रम में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सविता महतो सहित झामुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए।
चित्र पर पुष्पांजलि, दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर की गई। वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और झारखंड राज्य निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
‘शिबू सोरेन झारखंड की अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक थे’
खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि दिशोम गुरु केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, पहचान और स्वाभिमान के प्रतीक थे। उन्होंने गरीब, मजदूर, किसान, दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि उनके विचार और सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
‘जनसेवा और सामाजिक न्याय का रास्ता दिखाया’
ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने कहा कि दिशोम गुरु ने झारखंडी संस्कृति, भाषा और परंपरा के संरक्षण के साथ सामाजिक न्याय को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिबू सोरेन के विचारों और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सभी ने गरीब, मजदूर, किसान, दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
नेमरा स्थित पैतृक आवास पहुंचकर भी किया नमन
कार्यक्रम के बाद खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सविता महतो और समाजसेवी बासंती गागराई ने दिशोम गुरु के पैतृक आवास नेमरा पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
ये भी थे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, समाजसेवी बासंती गागराई, गणेश महाली, भोला महांती, अजय सामाड, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, भवेश मिश्रा, मुन्ना सोय, धनु मुखी, रानी हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















