जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर): खुंटपानी प्रखंड क्षेत्र के बड़ाचिरू फुटबॉल मैदान में आकाशवाणी क्लब के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में सीपीएफ बाना ने वंडर बॉयज को हराकर खिताब अपने नाम किया।
सीपीएफ बाना ने जीता खिताब, मिला 1 लाख का पुरस्कार
फाइनल मुकाबला वंडर बॉयज और सीपीएफ बाना के बीच खेला गया। इसमें सीपीएफ बाना की टीम विजेता बनी। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खरसावां विधायक दशरथ गागराई मौजूद रहे। विधायक ने विजेता टीम सीपीएफ बाना को 1 लाख रुपये और उपविजेता वंडर बॉयज को 80 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
तीसरे और चौथे स्थान की टीमों को भी मिला पुरस्कार
प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रही रोहन एफसी को 40 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं चौथे स्थान पर रही सरायकेला टीम को भी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पांचवें स्थान पर रही वर्गन किंग मिस्टी और छठे स्थान पर रही ब्लैक सेडो टीम को 15-15 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा 40+ वर्ग के विजेता और उपविजेता को खस्सी तथा महिला वर्ग की विजेता और उपविजेता टीम को नकद पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया।
हजारों खेल प्रेमियों ने देखा फाइनल मुकाबला
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण फुटबॉल मैदान में पहुंचे। पूरे मुकाबले के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने खिलाड़ियों का तालियों से उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर भी प्रोत्साहित किया गया।
गागराई बोले- ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं
समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल खिलाड़ियों को उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल झारखंड की पहचान रहा है और यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है।
खेल युवाओं को नशे से दूर रखने में मददगार
विधायक ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को नशामुक्त समाज की ओर प्रेरित करने के साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से लगातार मेहनत करने और अपने गांव, क्षेत्र तथा राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका
दशरथ गागराई ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होती हैं।
आकाशवाणी क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारना और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना है। पांच दिनों तक चले इस आयोजन में क्षेत्र के हजारों खेल प्रेमियों ने हिस्सा लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
ये रहे मौजूद
समापन समारोह में विधायक दशरथ गागराई, समाजसेवी बासंती गागराई, विधायक प्रतिनिधि दुर्गाचरण पाडिया, बबलू गोडसेरा, डिंबू तियू, रंदो बानरा, रूपेश बानरा, किरण बानरा, मनीष बानरा, अजय पाडिया, बाबलू बानरा, बागो बानरा सहित आयोजन समिति के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



































