जनसंवाद, जमशेदपुर। बोनस समझौते के बाद शनिवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह का टाटा मोटर्स के विभिन्न विभागों में जोरदार स्वागत किया गया। इंजन डिवीजन, प्लांट वन और फाइव थाउजेंड विभाग में कर्मचारियों ने फूलों का गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंट कर दोनों पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।
इंजन डिवीजन में कर्मचारियों ने किया स्वागत
सुबह 9:30 बजे इंजन डिवीजन में आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों और ट्रेनिंग के प्रशिक्षुओं ने अध्यक्ष एवं महामंत्री का स्वागत किया। अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि कर्मचारियों का स्नेह, समर्थन और एकजुटता यूनियन को मजदूर हित में बेहतर फैसले लेने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि एकता बनाए रखने से आने वाले समय में मजदूर हित में और बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
महामंत्री ने बोनस समझौते की बताई बारीकियां
महामंत्री आरके सिंह ने बोनस समझौते की जानकारी देते हुए कहा कि टाटा मोटर्स के करीब 8 हजार कर्मचारियों को बोनस का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि नए कर्मचारियों के लिए कंपनी में प्रवेश का रास्ता भी तैयार किया गया है।
उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट रहने और यूनियन के नेतृत्व पर भरोसा रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने सुरक्षा और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए कंपनी के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की बात कही, ताकि कर्मचारियों के हित से जुड़े मुद्दों को उचित समय पर प्रबंधन के समक्ष रखा जा सके।
कार्यक्रम का संचालन उत्तम गुहा ने किया, जबकि स्वागत भाषण सीके सिंह ने दिया। इस दौरान प्रबंधन के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

प्लांट वन में बड़ी संख्या में कर्मचारी रहे मौजूद
इसके बाद प्लांट वन में भी अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अली राजा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लखन पाल सिंह ने किया।
फाइव थाउजेंड विभाग में पगड़ी पहनाकर किया अभिनंदन
फाइव थाउजेंड विभाग में भी यूनियन के अध्यक्ष और महामंत्री का स्वागत किया गया। यहां कर्मचारियों ने दोनों पदाधिकारियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।

















