जनसंवाद, जमशेदपुर। टाटा मोटर्स के फाइनल डिवीजन में सोमवार को आयोजित स्वागत समारोह के साथ टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों और प्रबंधन के अधिकारियों के स्वागत का सिलसिला संपन्न हो गया। कार्यक्रम में यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, डीजीएम अमित सिन्हा और ईआर के वरीय प्रबंधक सुजीत झा सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया।
गुलदस्ता और अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और अन्य अतिथियों को फूलों का गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने सभी को दुर्गोत्सव सहित आने वाले त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।
गुणवत्ता और सुरक्षा पर महामंत्री ने दिया जोर
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि कंपनी को अच्छा ऑर्डर मिला है, जो कर्मचारियों और कंपनी दोनों के लिए सुखद खबर है। उन्होंने उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए गुणवत्ता और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि वर्तमान यूनियन के कार्यकाल में वेतन समझौते से लेकर बोनस तक के कार्य समय पर हुए हैं। कंपनी और यूनियन के बीच मजबूत संबंधों के कारण कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाता है।
आरके सिंह ने ‘जीरो डिफेक्ट, जीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि सभी को मिलकर गुणवत्ता बनाए रखने, दुर्घटनाओं को रोकने और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में काम करना चाहिए।
रियाजुद्दीन ने किया मंच संचालन
कार्यक्रम का संचालन रियाजुद्दीन ने किया। शैलेन्द्र सिंह और हरजीत सिंह ने संयुक्त रूप से अतिथियों का स्वागत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया।

















