जनसंवाद, जमशेदपुर। डिमना में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) के लिए चिन्हित 13 एकड़ जमीन पर मानगो नगर निगम द्वारा कचरा डंपिंग किए जाने का मामला अब प्रदूषण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी चिंता का विषय बन गया है। वसुंधरा एस्टेट के पास डंप किए गए कचरे में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की घटना के बाद जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने MGM थाना, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और जमशेदपुर स्थित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखा है।
सौरभ विष्णु ने बताया कि कचरे में आग लगाए जाने की जानकारी मिलते ही वह समिति के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। उनके अनुसार, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी घटना होने से रोकी गई।
जहरीले धुएं से स्वास्थ्य पर खतरे की आशंका
सौरभ विष्णु ने कहा कि खुले में जमा कचरे में आग लगाया जाना आसपास के निवासियों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। कचरा जलने से कार्बन मोनोऑक्साइड, मीथेन सहित हानिकारक गैसों और जहरीले धुएं का खतरा उत्पन्न हो सकता है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि पूजा-पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ घरों में रहते हैं और धार्मिक गतिविधियों में शामिल होते हैं। ऐसे समय में कचरे से निकलने वाला धुआं स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से मामले पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग
सौरभ विष्णु ने MGM थाना से घटनास्थल और आसपास के इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का आग्रह किया है। उन्होंने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि डिमना और वसुंधरा एस्टेट के आसपास रहने वाले नागरिकों को प्रदूषण के खतरे के बीच छोड़ना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि समय रहते कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़ी समस्या के उत्पन्न होने से पहले ही स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।

















