Advertisement

[smartslider3 slider="10"]

 

डिमना की डंप भूमि पर खेल मैदान, पार्क और खुले स्टेडियम बनाने की मांग, जन विकास मंच ने पारित किया तीन-सूत्री संकल्प

By Goutam

Published on:

 

डिमना की डंप भूमि
 

जनसंवाद, जमशेदपुर। डिमना चौक से पारडीह चौक के बीच स्थित लगभग 13 एकड़ सरकारी भूमि पर डंप किए गए कचरे को पूरी तरह हटाने और वहां सार्वजनिक खेल मैदान, पार्क तथा खुले स्टेडियम जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग उठी है। जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु के नेतृत्व में स्थानीय कॉलोनियों और बस्तियों के प्रतिनिधियों ने वसुंधरा एस्टेट पहुंच मार्ग पर सभा की। इसमें सर्वसम्मति से तीन-सूत्री संकल्प पारित कर संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की गई।

Advertisement
Advertisement

तीन-सूत्री संकल्प में क्या हैं मांगें?

Dayal Builder
Srinath

सभा में पारित संकल्प के तहत तीन प्रमुख मांगें रखी गईं।

Advertisement
  1. कचरा पूरी तरह हटाया जाए:  भूमि पर डाले गए कचरे को फैलाकर समतल करने, दबाने या जलाने के बजाय वैज्ञानिक तरीके से पूरी तरह हटाया जाए। इसके बाद जांच कर भूमि को सुरक्षित घोषित किया जाए।
  2. जनता से परामर्श हो:  भूमि के भविष्य में उपयोग को लेकर अंतिम निर्णय लेने से पहले आसपास के निवासियों के साथ खुला जन-परामर्श किया जाए।
  3. सार्वजनिक खेल मैदान बने:  भूमि पर या उसके पर्याप्त हिस्से में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए निःशुल्क सार्वजनिक खेल मैदान तथा जन-सुविधाएं विकसित की जाएं।

CPCB के दिशानिर्देशों का दिया हवाला

सौरभ विष्णु ने कहा कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के फरवरी 2019 के *Guidelines for Disposal of Legacy Waste (Old Municipal Solid Waste)* के खंड 4.4.4, पृष्ठ 22 के अनुसार, साफ किए गए कचरा स्थल पर कम से कम 15 वर्ष तक आवास की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि दिशानिर्देशों में ऐसी भूमि के अनुमत उपयोगों में खुले स्टेडियम, खेल मैदान, पार्क और उद्यान भी शामिल हैं। उनके अनुसार, संबंधित दिशानिर्देशों के अंश और मूल पृष्ठों की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं।

उन्होंने कहा कि यह भूमि आवासीय कॉलोनियों और बस्तियों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के किनारे स्थित है। आसपास हजारों परिवार रहते हैं और बच्चों के खेलने के लिए सार्वजनिक खुली जगह की कमी है। ऐसे में भूमि के उपयोग पर निर्णय लेते समय स्थानीय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

NGT के आदेश के पालन की मांग

सौरभ विष्णु ने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने 23 सितंबर 2026 के आदेश में इस भूमि पर नियमों के विरुद्ध कचरा डंपिंग रोकने का निर्देश दिया है। स्थानीय निवासी इस आदेश के पूर्ण पालन की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि तीन-सूत्री संकल्प पत्र को स्थानीय प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर के साथ ज्ञापन के रूप में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को सौंपा जा रहा है। साथ ही क्षेत्र में घर-घर सर्वे भी शुरू किया गया है।

सौरभ विष्णु ने कहा, “हम वही मांग रहे हैं जो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अपने दिशानिर्देश कहते हैं—पहले कचरा पूरी तरह हटे और जमीन की वैज्ञानिक जांच हो, फिर खुला, हरा और सुरक्षित खेल मैदान बने। यह मांग किसी एक व्यक्ति या दल की नहीं, डिमना के हर घर की है। पहले सफाई, फिर डिमना तय करे।”

कई कॉलोनियों और बस्तियों के प्रतिनिधि हुए शामिल

सभा में वसुंधरा स्टेट, रिपीट कॉलोनी, डिमना बस्ती, ग्वाला बस्ती, दलमा बेस कॉलोनी, चंद्रावती नगर, दलमा एन्क्लेव और शांति विहार सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

ये हुए शामिल 

इस दौरान सुमन शर्मा, दीपक, संदीप, पंकज तिवारी, बबलू सिंह, विनोद सिंह, बप्पी दा, दीपक तिवारी, पिंटो, शुभम शर्मा, आनंद पांडेय, विकास आनंद सिंह, पंकज प्रसाद, राकेश, बिपिन, राज कुमार यादव और विकास महतो सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

ताजा खबरें

WhatsApp