जनसंवाद, जमशेदपुर। अनुपयोगी घरेलू वस्तुओं को उपयोगी संसाधनों में बदलने के उद्देश्य से टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील UISL) ने बिष्टुपुर स्थित जी टाउन क्लब के निकट अपने रिड्यूस, रीयूज एंड रिसाइकिल (RRR) सेंटर में ‘RELIFE – आपकी अनुपयोगी वस्तुओं को नया जीवन’ पहल शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य जिम्मेदार उपभोग को बढ़ावा देना और अपशिष्ट उत्पादन को कम करना है।
सफाई और मरम्मत के बाद मामूली कीमत पर मिलेंगी वस्तुएं
इस पहल के तहत नागरिकों को कपड़े, जूते-चप्पल, किताबें, खिलौने, साइकिल, बैग और अन्य उपयोगी घरेलू वस्तुएं दान करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन वस्तुओं की सफाई और आवश्यक मरम्मत के बाद धुलाई एवं मरम्मत की लागत को ध्यान में रखते हुए इन्हें बेहद मामूली कीमत पर उपलब्ध कराया जाएगा।
सफाई मित्रों से होगी पहल की शुरुआत
‘RELIFE’ पहल की शुरुआत टाटा स्टील UISL के सफाई मित्रों से होगी, जो जमशेदपुर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आगे चलकर इस पहल का विस्तार आर्थिक रूप से कमजोर समुदायों और आसपास के गांवों तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग किफायती दरों पर उपयोगी वस्तुएं प्राप्त कर सकें।
पुराने कपड़ों से बनेंगे उपयोगी उत्पाद, पुस्तकों से बनेगा पुस्तकालय
पुनः उपयोग के योग्य नहीं रहने वाले कपड़ों और वस्त्रों को एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) के माध्यम से जूते, दरी, कालीन और बेडशीट जैसे उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित किया जाएगा।
वहीं, एकत्रित पुस्तकों से सामुदायिक पुस्तकालय विकसित किया जाएगा। यहां नाममात्र की वापसी योग्य सुरक्षा राशि जमा करके लोग निःशुल्क पुस्तकें पढ़ने के लिए ले सकेंगे।
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर
‘RELIFE’ पहल के माध्यम से टाटा स्टील UISL पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत कर रहा है।
टाटा स्टील UISL ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों में रखी अनुपयोगी लेकिन उपयोग योग्य वस्तुओं को RRR सेंटर में दान करें और इस पहल का हिस्सा बनें।
RELIFE – आपकी अनुपयोगी वस्तुओं को नया जीवन। कम करें। पुनः उपयोग करें। पुनर्चक्रण करें। पुनर्स्थापित करें। पुनः जुड़ें।

















