जनसंवाद, जमशेदपुर। दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के उप मुखिया संतोष ठाकुर ने शनिवार को पोटका विधायक संजीव सरदार से मुलाकात कर क्षेत्र में साफ-सफाई और छठ व्रतियों की सुविधाओं को लेकर मांग पत्र सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से पूरे क्षेत्र में जुस्को द्वारा व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाने, आवश्यक स्थानों पर कृत्रिम छठ घाटों का निर्माण कराने तथा सभी छठ घाटों पर पर्याप्त स्वच्छ जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
विधायक ने जुस्को अधिकारियों से की वार्ता
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक संजीव सरदार ने तत्काल जुस्को अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व के अवसर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जाएंगी।
छठ व्रतियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
उप मुखिया संतोष ठाकुर ने कहा कि छठ महापर्व जनआस्था का प्रतीक है। छठ व्रतियों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने इस दिशा में सकारात्मक पहल के लिए विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर झामुमो बागबेड़ा कॉलोनी अध्यक्ष अजीत सिन्हा एवं वार्ड सदस्य प्रतिनिधि राजकुमार सिंह भी उपस्थित थे।

















