जनसंवाद, जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर एक और बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु के 27 अक्टूबर के सूचना के अधिकार (RTI) आवेदन के जवाब में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद (क्षेत्रीय कार्यालय, जमशेदपुर) ने बड़ा खुलासा किया है। पर्षद ने 5 नवंबर 2026 को लिखित रूप से स्पष्ट किया कि मानगो नगर निगम को ठोस कचरे के प्रसंस्करण, भंडारण या निस्तारण के लिए किसी भी स्थल का प्राधिकार (अनुमति) नहीं दिया गया है।
पर्षद के अनुसार, निगम ने डिमना चौक के पास वसुंधरा एस्टेट के सामने की भूमि को कचरा निस्तारण स्थल बनाने के लिए कभी कोई आवेदन भी नहीं दिया है।
बोर्ड के पत्रों का जवाब तक नहीं दे रहा निगम
आरटीआई जवाब के साथ संलग्न दस्तावेजों से पता चला है कि पर्षद ने 3 सितंबर और 10 सितंबर 2026 को निगम को पत्र लिखा था। इसमें कहा गया था कि रीबिट कॉलोनी के पास वसुंधरा एस्टेट के सामने स्वर्णरेखा परियोजना की भूमि पर बिना पर्यावरणीय स्वीकृति और पर्षद की सहमति के कचरा डंप किया जा रहा है। साथ ही वहां खुले में कचरा स्थानांतरण केंद्र भी चलाया जा रहा है। बोर्ड ने इस पर तत्काल रोक लगाने का अनुरोध किया था, लेकिन निगम ने इस पर कोई जवाब देना भी उचित नहीं समझा।
दो साल से नहीं दी वार्षिक रिपोर्ट, नमूनों की जांच भी अधूरी
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत हर नगर निकाय को हर साल 30 जून तक पर्षद को वार्षिक रिपोर्ट सौंपनी होती है। लेकिन मानगो नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 की रिपोर्ट मई और सितंबर 2026 में भेजे गए रिमाइंडर के बावजूद जमा नहीं की है। इतना ही नहीं, निगम ने अपने क्षेत्र के पुराने डंपसाइटों की सूची न तो पर्षद को दी है और न ही केंद्रीय पोर्टल पर अपलोड की है। पर्षद ने यह भी माना है कि स्थल के नमूनों की जांच अब तक नहीं की गई है और निरीक्षण के बाद केवल पत्राचार ही हुआ है।
2 दिसंबर को NGT में होगी अगली सुनवाई
सौरभ विष्णु की याचिका (मूल आवेदन संख्या 202/2026/ईजेड) पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) की पूर्वी क्षेत्र पीठ, कोलकाता ने 23 सितंबर 2026 को सख्त रुख अपनाया था। कोर्ट ने ठोस अपशिष्ट नियमों के अनुपालन, पर्षद द्वारा सत्यापन और संयुक्त समिति द्वारा स्थल निरीक्षण का आदेश दिया था। इस मामले में एक अंतरिम आवेदन भी दायर किया गया है, जिस पर अगली सुनवाई 2 दिसंबर 2026 को होनी है।
“प्रदूषण बोर्ड का जवाब साफ है — डिमना की इस जमीन पर कचरा डालने की न अनुमति मांगी गई, न दी गई। बोर्ड ने सितंबर में ही निगम को लिखा, फिर भी जवाब तक नहीं आया। यह जमीन जनता के बस टर्मिनल के लिए चिह्नित है, कचरा घर के लिए नहीं। हमारी मांग वही है — यहां न खुला डंपिंग हो, न शेड, न कॉम्पैक्टर और न ही ट्रांसफर स्टेशन बने। जो कचरा डाला गया है उसे वैज्ञानिक तरीके से हटाया जाए।”
— सौरभ विष्णु, अध्यक्ष, जन विकास मंच
जन विकास मंच की तीन प्रमुख मांगें:
- वसुंधरा एस्टेट के सामने की भूमि पर किसी भी प्रकार का कचरा डंपिंग, शेड, कॉम्पैक्टर या स्थानांतरण केंद्र न बनाया जाए।
- प्रदूषण नियंत्रण पर्षद स्थल और आसपास की मिट्टी व भूजल के नमूनों की तत्काल जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करे।
- वहां डाले गए कचरे का वैज्ञानिक निपटान किया जाए और निगम अपनी वार्षिक रिपोर्ट व पुराने डंपसाइटों की सूची सार्वजनिक करे।

















