जनसंवाद, चांडिल। लुपुंगडीह स्थित नारायण प्राइवेट आईटीआई में 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़े ही सम्मान, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित कर और नमन करने के साथ हुई। इस दौरान संस्थान में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
विविधताओं से भरे देश को एकता के सूत्र में बांधता है संविधान: डॉ. पांडेय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडेय ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतांत्रिक राष्ट्र की मजबूत आधारशिला है। यह केवल शासन व्यवस्था चलाने वाला दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता, सम्मान और न्याय प्रदान करने वाला महान ग्रंथ है। संविधान ने भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एकता के सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने याद दिलाया कि 26 नवंबर 1949 को ही संविधान सभा ने इसे अंगीकृत किया था, जो 26 जनवरी 1950 से देश में लागू हुआ।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी जरूरी
युवाओं को प्रेरित करते हुए डॉ. पांडेय ने कहा कि देश का भविष्य विद्यार्थियों के हाथों में है। ऐसे में युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक होना चाहिए और अपने अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों को भी समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक अच्छे नागरिक की पहचान केवल उसके अधिकारों से नहीं, बल्कि उसके कर्तव्यों, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण से होती है। उन्होंने छात्रों से शिक्षा, सद्भावना और सामाजिक समरसता को जीवन में अपनाकर देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने भी संविधान के महत्व पर अपने विचार साझा किए। अंत में सभी ने भारतीय संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक परंपराओं तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संस्थान के प्राचार्य जयदीप पांडे, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, शशि प्रकाश महतो, देवाशीष मंडल, पवन महतो, निकिता गोराई, लक्ष्मी महतो, निमाई मंडल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

















