जनसंवाद, जमशेदपुर। जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु की एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) में चल रही लड़ाई आखिरकार रंग लाई है। उनकी उपस्थिति में गुरुवार को एनजीटी के आदेश पर गठित उच्चस्तरीय संयुक्त समिति ने डिमना चौक के पास वसुंधरा एस्टेट के सामने प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल की जमीन का निरीक्षण किया।
इस जांच टीम में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) नई दिल्ली के प्रतिनिधि, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के रांची मुख्यालय व क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी, जिला प्रशासन तथा मानगो नगर निगम के अधिकारी शामिल थे। यह निरीक्षण एनजीटी की पूर्वी क्षेत्र पीठ, कोलकाता के 23 सितंबर 2026 के आदेश के तहत किया गया।
समिति को सौंपे गए सबूत और जीपीएस तस्वीरें
निरीक्षण के दौरान सौरभ विष्णु ने समिति को लिखित निवेदन और ठोस सबूत सौंपे। इसमें प्रदूषण नियंत्रण पर्षद का वह आरटीआई जवाब भी शामिल है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि मानगो नगर निगम को कचरा निस्तारण की कोई अनुमति नहीं दी गई है। इसके अलावा 13, 14, 15 और 25 नवंबर की जीपीएस युक्त तस्वीरें भी दी गईं, जिनमें जमीन पर लगे कचरे के ढेर और उस पर चरते मवेशी साफ दिखाई दे रहे हैं।
आज से नहीं गिरेगा कचरा, वैज्ञानिक तरीके से हटेगा मलबा
सौरभ विष्णु ने बताया कि निरीक्षण के दौरान केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि ने स्पष्ट आश्वासन दिया कि आज से इस जमीन पर कचरा नहीं गिराया जाएगा। इसे ट्रांसफर स्टेशन के रूप में भी उपयोग नहीं किया जाएगा और यथास्थिति बनी रहेगी। साथ ही जमीन पर पड़े सारे कचरे को एनजीटी के आदेश और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत वैज्ञानिक तरीके से हटाया जाएगा। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय उपायुक्त (DC) स्तर पर होना है। इस मामले की अगली सुनवाई अब 2 दिसंबर 2026 को एनजीटी, कोलकाता में होगी।
मिट्टी और भूजल के नमूने न लेने पर जताई आपत्ति
निरीक्षण के दौरान स्थल से मिट्टी, रिसाव (लीचेट) और भूजल के नमूने नहीं लिए गए। इस पर सौरभ विष्णु ने मांग की है कि नमूने आवेदक और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में, पूर्व सूचना देकर किसी मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला के माध्यम से लिए जाएं।
“निरीक्षण होना एक अच्छा कदम है, लेकिन जांच का असली आधार नमूने हैं। यह जमीन जनता के बस टर्मिनल के लिए चिह्नित है, कचरा घर के लिए नहीं। जो आश्वासन मौके पर दिया गया है, वह लिखित आदेश के रूप में कागज पर आए और जमीन से कचरा वैज्ञानिक तरीके से हटे।”
— सौरभ विष्णु, अध्यक्ष, जन विकास मंच
जन विकास मंच की तीन प्रमुख मांगें:
- मौके पर दिए गए आश्वासनों के अनुसार कचरा न गिराने, ट्रांसफर स्टेशन न चलाने और कचरा हटाने का लिखित आदेश तत्काल जारी हो।
- मिट्टी, लीचेट और आसपास की बस्तियों के भूजल के नमूने पूर्व सूचना देकर लिए जाएं और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
- जमीन पर पड़े और नीचे दबाए गए कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित किया जाए।

















