जनसंवाद, खरसावां। खरसावां-सीनी बजार मुख्य मार्ग पर रायडीह के समीप सोना नदी में निर्माणाधीन पुल का कार्य छह वर्षों से अधूरा रहने का मामला विधानसभा में उठाया गया। खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने सदन में सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए नए सिरे से निविदा प्रक्रिया पूरी कर पुल निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की।
संवेदक पर प्रतिबंध से कार्य प्रभावित
विधायक ने कहा कि धोखाधड़ी के एक मामले में वित्त विभाग द्वारा संवेदक को प्रतिबंधित किए जाने के कारण पुल निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण परियोजना वर्षों से अधूरी पड़ी है।
उन्होंने कहा कि खरसावां-सीनी मुख्य मार्ग क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़क है और सोना नदी पर पुल अधूरा रहने से लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित
दशरथ गागराई ने कहा कि पुल निर्माण कार्य लंबित रहने से स्थानीय व्यापार, परिवहन और अन्य आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों और व्यापारियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और लागत दोनों बढ़ रहे हैं।
उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि नए सिरे से निविदा निष्पादित कर पुल निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

















