जनसंवाद, जमशेदपुर। झारखंड सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा युवा मोर्चा जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष सह कोल्हान विश्वविद्यालय छात्रसंघ (2017-18) के अध्यक्ष रहे नितीश कुशवाहा ने बजट को “जनता के साथ छलावा” बताया है।
“न युवाओं के लिए, न किसानों के लिए ठोस प्रावधान”
नितीश कुशवाहा ने कहा कि यह बजट पूरी तरह गोलमाल, दिशाहीन और जनविरोधी है। इसमें बेरोजगारों, युवाओं, छात्रों, किसानों, महिलाओं, अनुबंधकर्मियों, वृद्धों और दिव्यांगजनों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बजट केवल कागजी आंकड़ों का खेल है। आम जनता को राहत देने के बजाय सरकार ने मंत्री और अधिकारियों को लाभ पहुंचाने वाला बजट पेश किया है।
“महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार मौन”
भाजपा युवा मोर्चा नेता ने कहा कि झारखंड की जनता महंगाई, बेरोजगारी और असुरक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन बजट में इन ज्वलंत मुद्दों पर सरकार पूरी तरह मौन है। उन्होंने इसे “लूटो–खाओ–पकाओ” की नीति करार दिया।
सरकार से माफी की मांग
नितीश कुशवाहा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार से अविलंब जनता से माफी मांगने की मांग की और कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरती रहेगी।
















