सरायकेला / Balram Panda: जिले के नीमडीह अंचल में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में ईचागढ़ की माननीया विधायक श्रीमती सबिता महतो ने झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन से जुड़े 61 आंदोलनकारियों को सम्मानपूर्वक प्रमाण-पत्र प्रदान किए. इस अवसर पर उन्होंने आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि झारखंड राज्य का गठन उनके लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है, जिसे सदैव सम्मान दिया जाना चाहिए.
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक पहल के तहत विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच जाति, आय एवं आवास से संबंधित प्रमाण-पत्रों का भी वितरण किया गया. इससे स्थानीय लोगों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता स्पष्ट हुई. वहीं, विधायक ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही आम जनता तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुलभ तरीके से पहुंचाना प्राथमिकता है.
इस अवसर पर अंचल प्रशासन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. कार्यक्रम का उद्देश्य एक ओर जहां आंदोलनकारियों को सम्मानित करना था, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश भी देना था.


















