जनसंवाद, जमशेदपुर। श्रीनाथ विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। विश्वविद्यालय के 55 छात्रों का चयन पेड इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत धूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड, महाराष्ट्र में किया गया है।
यह इंटर्नशिप कार्यक्रम 45 दिनों का होगा, जिसके दौरान चयनित छात्रों को मानदेय (स्टाइपेंड) के साथ-साथ निःशुल्क आवास की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। यह पहल विश्वविद्यालय की उद्योग आधारित शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को वास्तविक औद्योगिक वातावरण का अनुभव प्रदान करना है, जिससे वे अपने सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप में लागू कर सकें। इससे छात्रों की तकनीकी दक्षता, कार्य कौशल और रोजगार की संभावनाएं बेहतर होंगी।
इस इंटर्नशिप के लिए विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिकी अभियंत्रण विभाग के 55 छात्रों का चयन किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को औद्योगिक प्रक्रियाओं में प्रत्यक्ष सहभागिता, व्यावहारिक अभ्यास और उद्योग विशेषज्ञों से संवाद का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीकों, विशेषकर इलेक्ट्रिक वाहन (EV) तकनीक से जुड़े विषयों की भी जानकारी दी जाएगी।
विश्वविद्यालय ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देते हैं और छात्रों को भविष्य के लिए बेहतर तरीके से तैयार करते हैं। यह पहल छात्रों के व्यावसायिक विकास और रोजगार उन्मुख शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।


















