जनसंवाद, खरसावां (उमाकांत कर)। कुंजाडीह, जामडीह और दुरुसाई गांव में श्री श्री हरि संकीर्तन समिति के तत्वावधान में आयोजित 16 प्रहर हरिनाम संकीर्तन में खरसावां विधायक दशरथ गागराई शामिल हुए। उनके साथ विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित होकर भक्ति में लीन नजर आए।
मौके पर विधायक ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन से वातावरण शुद्ध होता है और लोगों के मन को शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि हरिनाम संकीर्तन जैसे आयोजनों से समाज में एकता, प्रेम और धार्मिक चेतना का विकास होता है, साथ ही सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है।

उन्होंने आगे कहा कि संकीर्तन के माध्यम से मन की शुद्धि होती है और क्रोध, लोभ जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियां दूर होती हैं। विधायक ने आयोजन समिति एवं ग्रामीणों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में सुभाष प्रधान, अक्षय प्रधान, संजय प्रधान, लखिन प्रधान, सखींद्र प्रधान, राजकुमार प्रधान, अभिमन्यु प्रधान, अरविंद प्रधान समेत कई गणमान्य लोग एवं समिति सदस्य उपस्थित थे।
















