जनसंवाद, जमशेदपुर/घाटशिला। सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) से बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। एआईसीटीई ने 6 मई 2026 को विश्वविद्यालय को तकनीकी शिक्षा के लिए आधिकारिक मान्यता प्रदान कर दी है। इस मान्यता के तहत विश्वविद्यालय को कुल 600 सीटों पर विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित करने की अनुमति मिली है।
विश्वविद्यालय में बीटेक और डिप्लोमा कोर्स पहले से संचालित किए जा रहे हैं। अब एआईसीटीई की मंजूरी मिलने के बाद यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा, छात्रवृत्ति और शिक्षा ऋण जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इन कोर्सों को मिली मान्यता
सोना देवी विश्वविद्यालय में विद्यार्थी अब बीटेक के तहत मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर सकेंगे। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे आधुनिक विषयों में स्पेशलाइजेशन की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
वहीं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शामिल हैं।

क्या है AICTE?
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) भारत में तकनीकी शिक्षा की निगरानी करने वाली राष्ट्रीय नियामक संस्था है। यह संस्था इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट और तकनीकी शिक्षा से जुड़े संस्थानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करती है और पाठ्यक्रमों को उद्योग मानकों के अनुरूप बनाए रखने का काम करती है।
कुलपति ने क्या कहा
सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. ब्रजमोहन पट पिंगुआ ने कहा कि AICTE की मान्यता मिलने से विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अब देशभर के उच्च तकनीकी संस्थानों में आगे की पढ़ाई के लिए पात्र होंगे। साथ ही वे सरकारी छात्रवृत्ति और एजुकेशन लोन का लाभ भी उठा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह मान्यता उन्हीं संस्थानों को मिलती है जिनके पास गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और उच्च शैक्षणिक मानक मौजूद हों। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने इंटर्नशिप और इंडस्ट्री ट्रेनिंग के लिए 30 से अधिक संस्थानों के साथ एमओयू किया है, जिनमें इंटेल जैसी प्रतिष्ठित कंपनी भी शामिल है।
कुलाधिपति ने टीम को दिया श्रेय
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने इसे संस्थान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग की विभागाध्यक्ष पूजा तिवारी और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम ने दिन-रात मेहनत कर इस लक्ष्य को हासिल किया है। टीम में अनल बेरा, मोहित, राहुल कुमार साव, आदिल, एस के आरिफ, दीपशिखा नस्कर और मोनिका सिंह शामिल रहे।
अब NCTE मान्यता की तैयारी
कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय अब एनसीटीई (NCTE) मान्यता के लिए भी आवेदन करेगा, ताकि शिक्षा के अन्य क्षेत्रों में भी संस्थान अपनी गुणवत्ता को और मजबूत कर सके।



















