जनसंवाद, जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल डोरकासाई में 8 मई 2026 को विश्व रेड क्रॉस दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को मानव सेवा, करुणा और रक्तदान के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा से हुई, जहां छात्रों को रेड क्रॉस दिवस के इतिहास और उसके सामाजिक महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि रक्तदान जैसे कार्य जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनदान साबित होते हैं और यह समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
विद्यार्थियों ने दिए जागरूकता के संदेश
कार्यक्रम के तहत कक्षा 7 और 8 के विद्यार्थियों ने स्लोगन और भाषण प्रस्तुत कर रेड क्रॉस की भूमिका और मानवता की सेवा के महत्व को समझाया। छोटे बच्चों को भी इस दिन की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
वहीं कक्षा 9 और 10 के छात्रों के बीच निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें तान्या सिंह, नीतू महतो और अनुश्री दास ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त किया।
प्रश्नोत्तरी और चित्रकला बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रही, जिसमें कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की गई, जिससे प्रतिभागियों के ज्ञान और समझ का मूल्यांकन किया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से भी मानवता और सेवा की भावना को प्रदर्शित किया। कक्षा 9 के अनिमेष भोल और कक्षा 7 की हिमाक्षी भगत की कलाकृतियों को विशेष सराहना मिली।
करुणा और सेवा का दिया संदेश
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में दया, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में मदद करते हैं। कार्यक्रम की सफलता का श्रेय छात्रों की सक्रिय भागीदारी और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया गया।

















