जमशेदपुर, जमशेदपुर। डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल अपनी शैक्षणिक यात्रा के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 14 मई 2026 को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम “टू डिकेड्स – इटर एटर्नम” का आयोजन करने जा रहा है। कार्यक्रम विद्यालय के सभागार ‘कलाकृति’ में आयोजित होगा, जिसमें संस्कृति, संगीत और कला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस विशेष समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, सांस्कृतिक मूल्यों और कला कौशल को मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम में करीब 270 विद्यार्थी भाग लेंगे और विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और वैश्विक सौहार्द का संदेश देंगे।
आकर्षक मंच सज्जा होगी खास आकर्षण
समारोह में विशेष मंच सज्जा, सृजनात्मक प्रॉप्स और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। विद्यार्थियों द्वारा संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए विद्यालय की दो दशक की यात्रा को दर्शाया जाएगा।
कई विशिष्ट अतिथि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पी एंड एम हाई टेक सिटी सेंटर मॉल, बिष्टुपुर के मैनेजिंग डायरेक्टर आर. के. अग्रवाल शामिल होंगे। इसके अलावा डीबीएमएस संस्था की संरक्षिका भानुमति नीलकंठन, प्रेसिडेंट एवं चेयरपर्सन (प्रशासन) ललिता चंद्रशेखर, चेयरपर्सन (फाइनेंस) डॉ. बी. चंद्रशेखर, सचिव अनीता रामकृष्णा, संयुक्त सचिव उषा मालिनी, कोषाध्यक्षा भुवना कृष्णन और संयुक्त कोषाध्यक्षा पी.एस. अरुणा भी समारोह में उपस्थित रहेंगी।
विद्यालय की प्राचार्या गुरप्रीत भामरा, उप प्राचार्या सुपर्णा राय एवं एस. शिरीन, शिक्षकगण और अभिभावक भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि यह आयोजन विद्यालय की गौरवशाली परंपरा, विद्यार्थियों की प्रतिभा और पूरे विद्यालय परिवार की एकजुटता का यादगार उत्सव साबित होगा।















