आदित्यपुर / Balram Panda : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 में फैली गंदगी को लेकर स्थानीय पार्षद मोतीलाल बिसुई ने सख्त रुख अपनाया है. बस्ती में जगह-जगह जमा कचरे और बजबजाती गंदगी को देखते हुए उन्होंने तत्काल सफाई अभियान शुरू कराया, स्थानीय लोगों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे पार्षद ने स्थिति का जायजा लिया और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से जेसीबी मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, हालांकि, अधिकारियों द्वारा मशीन के अन्य वार्ड में कार्यरत होने की जानकारी दी गई.

इस पर पार्षद ने विलंब को देखते हुए निजी स्तर पर जेसीबी की व्यवस्था कराई और बस्ती में जमा गंदगी की साफ-सफाई कराई, त्योहार की तिथि नजदीक होने के कारण इस पहल को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. साथ ही, बस्ती में स्वच्छ वातावरण के बीच ग्राम पूजा कराने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है.

इस कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने पार्षद की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की, पार्षद मोतीलाल बिसुई ने कहा कि वार्ड की समस्याओं का शीघ्र समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है और जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.




















