आदित्यपुर / Balram Panda: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 अंतर्गत बेल्डीह बस्ती में ग्राम पूजा के अवसर पर पारंपरिक सांस्कृतिक छऊ नृत्य का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड के युवा पार्षद मोतीलाल बिसुई एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास शामिल हुए। आगंतुकों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिसके बाद फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया.

शुभारंभ के साथ ही छऊ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ देर रात तक सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लेती रही। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक कला ने क्षेत्रीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को जीवंत कर दिया.

इस अवसर पर पार्षद मोतीलाल बिसुई ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्राम पूजा के दौरान छऊ नृत्य का आयोजन किया गया है, जो क्षेत्र की पहचान बन चुका है। उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन को देखने के लिए आसपास ही नहीं, बल्कि बाहर से भी लोग पहुंचते हैं। आने वाले वर्षों में इस सांस्कृतिक पर्व को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे.

वहीं डॉ. जे.एन. दास ने अपने संबोधन में कहा कि छऊ नृत्य हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, जिसे सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने ग्रामीणों की एकजुटता और आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सांस्कृतिक जागरूकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं.
उद्घाटन समारोह…
कार्यक्रम में समाजसेवी बबलू दास, जगदीश दास, मास्टर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे. आयोजन ने जहां सांस्कृतिक एकता को मजबूती दी, वहीं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की.
देखें.video…

















