आदित्यपुर / Balram Panda : स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में आदित्यपुर नगर निगम ने शुक्रवार को IDTR सभागार में भव्य मेगा इवेंट का आयोजन किया। कार्यक्रम में नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली.
कार्यक्रम में महापौर संजय सरदार, उपमहापौर अंकुर सिंह, नगर आयुक्त रवि प्रकाश, IDTR के जनरल मैनेजर रविंद्र, सीनियर सिटीजन फोरम के अध्यक्ष ए.के. श्रीवास्तव, पूर्व जीएम अशुतोष सिंह एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर तनुश्री बोस की गरिमामयी उपस्थिति रही.

इस अवसर पर स्वच्छता को लेकर व्यापक चर्चा की गई और इसे जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ. कार्यक्रम का संचालन नगर प्रबंधक देवाशिस प्रधान एवं रॉबिन सोरभ कच्छप ने किया, जबकि मंच संचालन एंकर दीपिका प्रधान ने प्रभावशाली ढंग से किया.
डिजिटल पहल का शुभारंभ
कार्यक्रम की खास उपलब्धि रही डिजिटल स्कैनर प्रणाली का विमोचन, जिसे Innovate Solution की डायरेक्टर शिवानी खिरवाल द्वारा विकसित किया गया है. इस तकनीक के माध्यम से नागरिक अब अपनी समस्याओं की शिकायत सीधे नगर निगम तक पहुंचा सकेंगे, जिससे त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा.
स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 को लेकर तैयारी तेज
अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही सर्वेक्षण टीम का दौरा प्रस्तावित है. उन्होंने बताया कि कचरा प्रबंधन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, कम्पोस्टिंग, वाटर हार्वेस्टिंग एवं ओडीएफ जैसे मापदंडों पर नगर निगम का मूल्यांकन किया जाएगा. पिछले वर्ष निगम को झारखंड में 10वां एवं देशभर में 780वां स्थान मिला था, जिसे सुधारने के लिए नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई.

जनभागीदारी ही सफलता की कुंजी
महापौर संजय सरदार ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत घर से ही होनी चाहिए. वहीं उपमहापौर अंकुर सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे नगर निगम पर पूर्णतः निर्भर न रहकर स्वयं भी इस अभियान का हिस्सा बनें. सीनियर सिटीजन फोरम के अध्यक्ष ए.के. श्रीवास्तव ने इंदौर का उदाहरण देते हुए कहा कि जागरूकता और अनुशासन से ही शहर स्वच्छता में अव्वल बन सकता है.
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया. ड्राइंग प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए श्यामा मोही गमरिया हाई स्कूल को सम्मानित किया गया, जबकि चालक कृष्ण महाली को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष सम्मान दिया गया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन अशुतोष सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया. कार्यक्रम में IDTR के छात्र-छात्राएं, फैकल्टीज एवं पार्षद तुफरिया माथुर समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
अपील:
ब्रांड एंबेसडर तनुश्री बोस ने सभी नागरिकों से स्वच्छता को अपनी आदत बनाने और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.



















