Advertisement

आदित्यपुर : पार्टी हित में त्याग को नमन, आदिवासी-मूलवासी एकता से बदलेगा सत्ता समीकरण, नाम वापसी पर आभार, भुगलु सोरेन बने बदलाव का प्रतीक, जाने पूरी खबर, video…

By Balram Panda

Published on:

आदित्यपुर / Balram Panda : नगर निगम चुनाव की गहमागहमी के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा के भीतर एकजुटता की मजबूत तस्वीर उभरकर सामने आई है. पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी भुगलु सोरेन उर्फ डब्बा माझी के पक्ष में वरिष्ठ नेत्री शकुंतला महाली द्वारा पार्टी हित में अपना नाम वापस लेने के फैसले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि झामुमो इस चुनाव में पूरी मजबूती और साझा संकल्प के साथ मैदान में उतरी है. नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में भुगलु सोरेन ने इसे संगठनात्मक अनुशासन और आदिवासी–मूलवासी एकता का प्रतीक बताते हुए पार्टी नेतृत्व और सहयोगियों के प्रति आभार जताया.

Advertisement
Advertisement

भुगलु सोरेन ने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें मेयर प्रत्याशी बनाया है, वह उस भरोसे को जनसेवा, ईमानदार प्रशासन और निडर फैसलों के माध्यम से पूरा करेंगे. उन्होंने जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गणेश महाली सहित सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और जनसमर्थन के बल पर इस बार नगर निगम में झामुमो की जीत तय है.

Srinath

Advertisement

वर्तमान नगर निगम व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले करीब बीस वर्षों से आदित्यपुर नगर निगम पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से एक ही राजनीतिक दल का कब्जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद न तो अपेक्षित विकास हुआ और न ही आम जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान किया गया। आज भी गरीब, आदिवासी और मूलवासी समाज पीने के पानी, साफ-सफाई, बाजार व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर है, जो मौजूदा शासन की असफलता को उजागर करता है.

अपने प्रशासनिक विजन को साझा करते हुए भुगलु सोरेन ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता सत्ता नहीं, सेवा होगी. उन्होंने कहा कि पूरे नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट को युद्ध स्तर पर हल किया जाएगा ताकि किसी भी मोहल्ले, बस्ती या टोले में पानी के लिए लोगों को भटकना न पड़े. साथ ही आदित्यपुर के दिन्दली बाजार को सुव्यवस्थित कर उसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बेहतर बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे छोटे दुकानदारों, ठेला-व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं सभी को सीधा लाभ मिले.

भुगलु सोरेन ने दो टूक कहा कि वे आदिवासी–मूलवासी समाज, गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्गों के साथ सदैव खड़े रहेंगे और बिना डरे, बिना झुके उनके हर जायज काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेंगे. उनका कहना था कि नगर निगम को भ्रष्टाचार और उपेक्षा से मुक्त कर एक संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितैषी प्रशासन देना ही उनका लक्ष्य है, ताकि आदित्यपुर सच मायनों में विकास, सम्मान और समान अवसर का शहर बन सके.

इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में झामुमो के कई प्रमुख नेता और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे. इनमें मनोहर कर्मकार, जिला कोषाध्यक्ष, अंकित सरकार, युवा नेता, बीरेन्द्र बाबु तिवारी, जिला सह सचिव सहित बड़ी संख्या में झामुमो के युवा नेता और कार्यकर्ता शामिल थे. सभी ने एक स्वर में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मजबूती से चुनाव लड़ने और आदित्यपुर नगर निगम में बदलाव की शुरुआत करने का संकल्प दोहराया.

देखें.video

ताजा खबरें

WhatsApp