सरायकेला / Balram Panda : आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सरायकेला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरायकेला थाना क्षेत्र के हल्दीबनी निवासी सुमित महतो (22 वर्ष), बलराम कालिंदी (19 वर्ष) और बिरजू कालिंदी (19 वर्ष) के रूप में हुई है. इस संबंध में सरायकेला थाना में कांड संख्या 123/26, दिनांक 24 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया, कार्रवाई के जरिए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों और अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में कानून के तहत सख्ती बरती जाएगी. सरायकेला पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

















