आदित्यपुर / Balram Panda: निखिल डे हत्याकांड के बाद शेरे पंजाब चौक पर हुए सड़क जाम और पुलिस के साथ कथित झड़प के मामले में अब मृतक के परिजनों ने सामने आकर अपना पक्ष स्पष्ट किया है, परिजनों ने सड़क जाम और हंगामे से किसी भी तरह का संबंध होने से साफ इनकार किया है, उनका कहना है कि परिवार शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर श्मशान घाट जा रहा था, तभी कुछ बाहरी लोग वहां पहुंचे और नारेबाजी करते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने लगे.
मृतक के पिता सोमनाथ डे, चाचा विजय डे और मां रूबी डे ने स्पष्ट कहा कि परिवार का कोई भी सदस्य इस हंगामे में शामिल नहीं था, मां रूबी डे ने यह भी कहा कि पुलिस ने उनके परिवार के साथ कोई मारपीट नहीं की, परिवार को सड़क जाम या प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है, उनकी एकमात्र मांग है कि गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों के साथ फरार तीसरे मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाए.
इधर, सड़क जाम की सूचना पर पहुंची आदित्यपुर पुलिस ने यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन जाम कर रहे कुछ युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए और कथित तौर पर हाथापाई करने लगे, इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को हटाया और सड़क पर आवागमन सामान्य कराया.
मामले में आदित्यपुर थाना प्रभारी के बयान पर थाना कांड संख्या 33/26 दर्ज किया गया है, पुलिस ने एक लंबे बाल वाले युवक समेत करीब 25 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अवैध जमावड़ा, उपद्रव, सड़क जाम और पुलिस के साथ अभद्रता के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
निखिल डे हत्याकांड में जहां परिजन तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं, वहीं सड़क जाम और पुलिस से टकराव के मामले में पुलिस की कानूनी कार्रवाई भी तेज हो गई है.

















